वाराणसी। रोहनिया पुलिस ने बुधवार को 2 करोड़ रुपये से अधिक की प्रतिबंधित कोडीन आधारित कफ सिरप बरामद की है। पुलिस ने हाईवे इन होटल के पास एक जिम के नीचे बने गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में कार्टनों में भरी सिरप की शीशियां जब्त कीं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि यह माल कई सप्ताह से गोदाम में छिपाकर रखा गया था और इसे माल्दा टाउन के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाकर बांग्लादेश में तस्करी के लिए भेजा जाना था।
छापेमारी में पुलिस की बड़ी सफलता
सूचना मिलने पर एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा, थाना प्रभारी राजू सिंह की टीम ने कार्रवाई की। ड्रग विभाग और ANTF की टीम भी ऑपरेशन में शामिल रही। गोदाम से बरामद प्रतिबंधित सिरप को विभाग ने मौके पर ही सील कर दिया। पुलिस ने गोदाम मालिक प्रबल कुमार को हिरासत में ले लिया है। गोदाम में कुछ शीशियां लीक होने पर मेडिकल कचरा डिब्बे में मिलीं, जिन्हें भी कब्जे में ले लिया गया। तीन सैंपल लेकर उन्हें दो अलग-अलग लैब में भेजा जा रहा है।
ऐसे चला पूरा ऑपरेशन
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि गोदाम में संदिग्ध दवाओं के रखे होने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की तो कार्टनों में कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि इस गोदाम का उपयोग अवैध ड्रग्स नेटवर्क के ट्रांजिट पॉइंट के रूप में किया जा रहा था।
गोदाम मालिक ने पल्ला झाड़ा
पूछताछ में प्रबल कुमार ने दावा किया कि उसे माल के बारे में जानकारी नहीं थी। उसका कहना है कि “एक दवा कारोबारी ने शहर में जगह न होने के कारण कुछ समय के लिए माल रखने को कहा था।”
हालांकि पुलिस को घटनास्थल से मिले कई अहम दस्तावेज और साक्ष्यों ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नेटवर्क पर गिरेगी गाज
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध कफ सिरप तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार है। बरामद दस्तावेज और मोबाइल डेटा के आधार पर पुलिस ने संकेत दिया है कि जल्द और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
पूर्व में इस नेटवर्क से जुड़े कई नाम पहले से ही पुलिस की रडार पर हैं।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ