दक्षिणी वाराणसी में उमड़ा ‘एकता’ का जनसैलाबसरदार पटेल जयंती पर भव्य पदयात्रा, केंद्रीय मंत्री से लेकर हजारों लोग शामिल

वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर बुधवार को भव्य एकता यात्रा निकाली गई। स्थानीय विधायक नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में संतान धर्म इंटर कॉलेज से शुरू हुई यह विशाल पदयात्रा गोदौलिया, चौक, मैदागिन और दारानगर होते हुए डीएवी डिग्री कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “एकता का संदेश – पटेल का विश्वास” के नारे गूंजते रहे।

इस यात्रा में केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय, भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न समाजसेवी संगठनों, व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिकों के साथ कई विद्यालयों के विद्यार्थी व शिक्षक शामिल हुए। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
यात्रा जब गिरजाघर से गोदौलिया पहुंची तो विश्वनाथ गली व्यवसायी संघ ने गुलाब की पंखुड़ियों से स्वागत किया। आगे चौक व्यापार मंडल, रेशम कटरा साड़ी व्यापार मंडल, सराफा व्यापार मंडल, सप्तसागर दवा व्यापार मंडल, मैदागिन और दारानगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। नीचीबाग, बुलानाला, चौक और मैदागिन के व्यापारियों ने यात्रियों को पानी, बिस्कुट और फूल वितरित किए।
डीएवी डिग्री कॉलेज पहुंचने पर प्रबंध समिति ने भी पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

समापन सभा में गूंजे देशभक्ति के संदेश
समापन स्थल पर आयोजित सभा में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि “सरदार पटेल ने गृह मंत्री रहते हुए देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। वह भारत की एकता के महानायक थे।” उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

विधायक नीलकंठ तिवारी ने कहा कि “आजादी के समय भारत को विभाजित करने की कोशिश की गई थी, लेकिन सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से देश को अखंड बनाए रखा। उनकी ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना आज केंद्र और प्रदेश सरकार आगे बढ़ा रही है।”

प्रमुख उपस्थित लोग
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, डीएवी कॉलेज प्रबंधक अजीत सिंह, उपाध्यक्ष अशोक जाटव, आत्मा विशेश्वर, मंत्री नीरज जायसवाल, दिलीप साहनी, साधना वेदांती, अशोक यादव, मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह, तारकेश्वर गुप्ता, बबलू सेठ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन महानगर उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने किया।

About The Author

Share the News