वाराणसी। “मिशन शक्ति 5.0” के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा आज 16 नवम्बर 2025 को कैंप कार्यालय में विशेष कार्यक्रम “लंच विद सीपी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोमती जोन के विभिन्न थानों व कार्यालयों से आई कुल 14 महिला पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त ने सभी महिला उपनिरीक्षकों व आरक्षियों से खुलकर संवाद किया और कार्यस्थल से संबंधित समस्याएँ—जैसे बाथरूम, पेयजल, मेस व्यवस्था आदि—की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही महिला कर्मियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया।
इसके बाद पुलिस आयुक्त ने सभी महिला पुलिसकर्मियों के साथ सामूहिक लंच किया। लंच के उपरांत अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित महिला पुलिसकर्मी—
- उपनिरीक्षक दिव्या भदौरिया (थाना कपसेठी): दो नाबालिग अपहृताओं व एक गुमशुदा महिला को 24 घंटे में बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया।
- उपनिरीक्षक मानसी यादव (थाना राजातालाब): दो गुमशुदा महिलाओं को 48 घंटे में खोजकर परिवार को सौंपा।
- उपनिरीक्षक स्नेहलता शुक्ला (थाना राजातालाब): न्यायालय के रिकवरी वारंट से संबंधित अभियुक्त की गिरफ्तारी कर कोर्ट में प्रस्तुत किया।
- उपनिरीक्षक अनुजा गोस्वामी (थाना मिर्जामुराद): तीन नाबालिग अपहृताओं और एक नाबालिग बालक को बरामद किया; गौ-तस्करी से जुड़े अभियुक्त को गिरफ्तार किया; चोरी की बैटरी बरामद की।
- उपनिरीक्षक मेघा सोलंकी (थाना कपसेठी): नाबालिग से अभद्रता के आरोपी को गिरफ्तार किया; एक गुमशुदा महिला को 24 घंटे में बरामद किया; मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत पीड़िताओं की सहायता की।
कार्यक्रम में एडीसीपी अपराध राजेश कुमार सिंह, एडीसीपी गोमती जोन वैभव बांगर, एडीसीपी महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव, एसीपी लाइन ईशान सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाना और उन्हें बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना रहा।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ