दहेज हत्या मामले में वांछित ससुर राधेश्याम तिवारी गिरफ्तार

वाराणसी। थाना जंसा पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त राधेश्याम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी आज 16 नवंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर की गई। गिरफ्तार अभियुक्त मृतका के ससुर बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, थाना जंसा में मु.अ.सं. 258/2025, धारा 85, 80(2) बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में मृतका आंचल तिवारी के ससुर राधेश्याम तिवारी, निवासी ग्राम गोगवा, उम्र लगभग 58 वर्ष, वांछित चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि 14 नवंबर 2025 को मृतका के पिता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उनकी पुत्री आंचल तिवारी का विवाह 22 मई 2020 को अंकित तिवारी (पुत्र राधेश्याम तिवारी) के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष — सास राधा तिवारी, ससुर राधेश्याम तिवारी, पति अंकित तिवारी और देवर विकास तिवारी — द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल और सिकण्डी की मांग को लेकर लगातार उत्पीड़ित किया जा रहा था।

13 नवंबर 2025 को आंचल तिवारी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची जंसा थाना पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ मिलकर स्थल का निरीक्षण कराया, पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा तथा तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए ससुर राधेश्याम तिवारी के अलावा शेष नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

About The Author

Share the News