वाराणसी मंडल में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए कमिश्नर एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली जिलों की प्रमुख योजनाओं, बुनियादी ढांचे, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा से संबंधित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए और आमजन तक बेहतर सेवाएँ पहुँचें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे पूरी तैयारी के साथ बैठक में आएँ और “संभावनाओं” पर आधारित जवाब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पीएम सूर्यघर योजना पर नाराजगी
बैठक की शुरुआत पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा से हुई। गाजीपुर और जौनपुर में अपेक्षित प्रगति न होने पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई और इंस्टॉलेशन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। सभी सीडीओ और जिलाधिकारी को इस योजना की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री आवास योजना में बड़ा गैप
चंदौली और गाजीपुर में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जियो टैगिंग के बाद भी स्वीकृति में बड़ा अंतर पाए जाने पर कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई। डे-एनआरएलएम योजना में चंदौली को मिले सी-ग्रेड पर भी सवाल उठाए गए।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण योजनाओं की समीक्षा
प्राथमिक शिक्षा विभाग को निपुण परीक्षा हेतु प्रभावी एसेसमेंट मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए गए।
आईसीडीएस और पोषण अभियान में सैम मैम बच्चों को बाहर निकालने के लिए स्वास्थ्य विभाग को ठोस रोडमैप तैयार करने, स्टाफ नर्स और डॉक्टरों को प्रशिक्षण देने तथा सीएचसी में मिनी एनआरसी बनाने के निर्देश दिए गए।
बुनियादी ढांचे और निर्माण परियोजनाएँ
गाजीपुर और जौनपुर में पुल निर्माण में देरी पर कमिश्नर ने अधीक्षण अभियंता को मौके पर जाकर रिपोर्ट देने को कहा।
सेतु निगम ने जानकारी दी कि कज्जाकपुरा फ्लाईओवर अगले एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग की सड़कों और लघु सेतुओं की धीमी प्रगति पर भी तीखी टिप्पणी की गई।
शिकायत निस्तारण व योजनाओं की मॉनिटरिंग
टोल-फ्री नंबरों पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया गया।
जल जीवन मिशन में निर्माण, रोड कटिंग, श्रमिकों की संख्या और टैंकों की इंस्टॉलेशन को लेकर उठाए गए मुद्दों पर भी सुधार की बात कही गई।
कृषि और खरीद व्यवस्था
उर्वरकों के वितरण में तेजी लाने, धान सत्यापन में तेजी करने और खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
फार्मर रजिस्ट्री, दलहन–तिलहन–मक्का खरीद और भंडारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था
जिला सुरक्षा समिति की बैठक में एंटी-भू-माफिया टास्क फोर्स, महिला उत्पीड़न, पॉक्सो, गैंगस्टर, गिरोहबंद अपराध और गो-तस्करी पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
कमिश्नर ने कहा कि सभी विभाग एक टीम की तरह काम करें ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
अन्य निर्देश
- पूर्वांचल विकास निधि के लंबित कार्य जल्द निपटाए जाएँ।
- आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण तेज़ किया जाए।
- ई-ऑफिस को नियमित रूप से लॉगिन करके अपडेट रखा जाए।
- वृक्षारोपण की जियो टैगिंग कार्यों को समय पर पूरा किया जाए।
- ढकवाँ गांव को डॉल्फिन मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने की प्रगति साझा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी वाराणसी सत्येंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि जिलाधिकारी जौनपुर दिनेश चंद्र, जिलाधिकारी चंदौली चंद्रमोहन गर्ग और सीडीओ गाजीपुर वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ