प्रधानमंत्री के आगमन, भ्रमण एवं अवस्थान कार्यक्रम के मद्देनज़र पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आज समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन से जुड़े विस्तृत निर्देश जारी किए। ब्रीफिंग के बाद सुरक्षा तंत्र का ग्रैंड रिहर्सल भी किया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि “वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन और पूर्ण सतर्कता सुनिश्चित की जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने ड्यूटी कार्ड और आई-कार्ड अनिवार्य रूप से धारण करें।”
सुरक्षा व्यवस्था को त्रिस्तरीय स्वरूप में लागू किया गया है — जिसमें आंतरिक, मध्य और बाह्य सुरक्षा घेरा शामिल है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा, साथ ही अतिथियों के लिए अस्थायी पार्किंग व्यवस्था की गई है।
गंगा तट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक का पूरा क्षेत्र “नो फ्लाई जोन” घोषित किया गया है। किसी भी प्रकार के ड्रोन या उड़ने वाले यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
कार्यक्रम स्थल पर कड़ी चेकिंग-फ्रिस्किंग, रूफ टॉप ड्यूटी, और सीसीटीवी/ड्रोन निगरानी के इंतज़ाम किए गए हैं। अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण हेतु लाउड हेलर, रस्से और पीए सिस्टम साथ रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे अच्छे टर्नआउट में, समय से ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित रहें, ड्यूटी के दौरान मोबाइल का प्रयोग न करें, और जनता के साथ शालीनता और विनम्रता से पेश आएं।
महिलाओं की चेकिंग केवल महिला पुलिसकर्मी ही करेंगी।
रिहर्सल के दौरान सभी अधिकारी और कर्मियों ने अपने-अपने प्वाइंट्स पर सुरक्षा अभ्यास किया तथा ड्यूटी के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सुरक्षा तरुण गाबा, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश सिंह, तथा कमिश्नरेट वाराणसी, पीएसी और अर्धसैनिक बलों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ