मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 7-8 नवंबर के प्रस्तावित काशी दौरे से पहले तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। दो दिवसीय वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन सीएम योगी ने बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर काशीवासियों की समृद्धि की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पित और शिलान्यास किए जाने वाले प्रोजेक्ट्स की सूची देखी और संबंधित विभागों को सर्किट हाउस में रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
सीएम योगी जल्द ही वाराणसी रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेलवे की तैयारियों का भी निरीक्षण करेंगे। यहां से प्रधानमंत्री मोदी तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने वाले हैं — इनमें एक ट्रेन वाराणसी से खजुराहो के बीच चलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 नवंबर को बिहार के भभुआ में चुनावी सभा के बाद वाराणसी पहुंचेंगे। शाम 5 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद पीएम हेलिकॉप्टर से बरेका जाएंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। शाम को पीएम भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों से भी मुलाकात करेंगे।
संभावना है कि देर रात प्रधानमंत्री रोपवे परियोजना का स्थलीय निरीक्षण और ट्रायल भी देख सकते हैं। 8 नवंबर की सुबह वे वाराणसी स्टेशन से तीनों वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे, इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एसपीजी की गाइडलाइन के अनुसार 8 नवंबर तक बनारस स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 से 8 पर ट्रेनों का संचालन स्थगित रहेगा। दो ट्रेनें अब वाराणसी सिटी स्टेशन से रवाना की जाएंगी। स्टेशन परिसर और आसपास का इलाका हाई अलर्ट पर है।
भव्य स्वागत की तैयारी
भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए शहर में 6 स्थानों पर विशेष स्वागत बिंदु तय किए हैं। भाजपा जिला और महानगर इकाई ने बैठक कर दौरे को ऐतिहासिक बनाने की रणनीति बनाई। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि संत अतुलानंद बाईपास, जेपी मेहता मोड़ और बरेका एफसीआई गोदाम के पास भव्य स्वागत किया जाएगा।
इस दौरान मधुकर चित्रांश, जगदीश त्रिपाठी समेत कई भाजपा कार्यकर्ता और मंडल अध्यक्ष स्वागत में शामिल होंगे।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ