देव दीपावली को लेकर वाराणसी पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल व जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने की तैयारियों की समीक्षा

देव दीपावली पर्व के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी वाराणसी सत्येन्द्र कुमार ने संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में वीआईपी आगमन, भीड़ प्रबंधन, नौका संचालन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों पर विशेष निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने सभी विभागों — विद्युत, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य, पर्यटन और सूचना — के बीच समन्वय बनाकर निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गंगा घाट क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है, जहां ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग, स्पष्ट प्रवेश-निकास मार्ग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। नौका संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन, फ्लोटिंग डिवाइडर्स से आवागमन का पृथक्करण, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की तैनाती, डीएफएमडी व वॉच टावर की व्यवस्था और क्यूआरटी की सक्रिय ड्यूटी सुनिश्चित की गई है।

यातायात प्रबंधन के लिए सीमावर्ती जनपदों से समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं, वहीं ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को निर्धारित रूट पर चलने के निर्देश दिए गए हैं। अतिक्रमण और बिना परमिट वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने की बात कही गई। इसके साथ ही अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए घाटों और प्रमुख स्थलों पर फायर टेंडर, मोटर बोट और फायर टीम की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहकर देव दीपावली को सफल और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए।

About The Author

Share the News