पद्मश्री मनु शर्मा की जयंती पर होगा विशेष आयोजन — ‘अग्निरथ का सारथी’ पुस्तक का लोकार्पण पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के करकमलों से

साहित्य, संस्कृति और अध्यात्म की पावन धरती वाराणसी एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रही है। दिनांक 28 अक्टूबर 2025, सांयकाल 5:00 बजे, रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में ‘प्रभात प्रकाशन’ के सौजन्य से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रसिद्ध लेखक डॉ. इंदीवर की पद्मश्री मनु शर्मा पर केंद्रित सद्यः प्रकाशित पुस्तक ‘अग्निरथ का सारथी’ का लोकार्पण बागेश्वर धाम के उपासक और प्रख्यात कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के करकमलों से किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, तथा विशिष्ट अतिथि असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल होंगे।

यह आयोजन महान साहित्यकार पद्मश्री मनु शर्मा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु किया जा रहा है। यदि वे आज होते तो 98 वर्ष के हो जाते। मनु शर्मा भारतीय साहित्य में अपने पौराणिक और सांस्कृतिक उपन्यासों के लिए जाने जाते थे। उनका जीवन साहित्य, संगीत, अध्यात्म और उत्सव की सजीव मिसाल था।

यह कार्यक्रम साहित्य, संस्कृति और समाज के समन्वय का अद्भुत संगम होगा, जिसमें देशभर से विद्वान, साहित्यकार और सांस्कृतिक प्रेमी सम्मिलित होंगे।

About The Author

Share the News