पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की बड़ी बैठक: त्योहारों को लेकर सख्त निर्देश, जाम, अवैध पार्किंग और अपराध नियंत्रण पर जोर

वाराणसी। आगामी त्योहारों दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ पर्व को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को यातायात लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण अपराध और यातायात समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध और मिशन शक्ति अभियान की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

आयुक्त ने निर्देश दिया कि टूरिस्ट बसें सड़कों पर पार्क न हों, नो-एंट्री क्षेत्र में किसी भी मालवाहक वाहन को अनुमति न दी जाए, और मुख्य चौराहों पर अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जाए। हूटर, लाल बत्ती, काली फिल्म, बिना नंबर प्लेट और जातिसूचक शब्द लिखे वाहनों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।

शहर के 40 प्रमुख चौराहों पर दो-दो उपनिरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जो पीक आवर्स में यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर जाममुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन कम से कम दो प्रमुख चौराहों का निरीक्षण करें और स्थानीय नागरिकों व यातायात मित्रों से संवाद बनाकर ट्रैफिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करें।

अपराध समीक्षा में पुलिस आयुक्त ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर बल दिया। गंभीर अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों पर गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि महिला और बच्चों से संबंधित मामलों की विवेचना को प्राथमिकता दी जाए और साइबर अपराधों में डिजिटल साक्ष्य के संरक्षण व विश्लेषण के लिए साइबर टीमों के साथ समन्वय को मजबूत किया जाए।

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला अधिकारियों को स्कूल-कॉलेजों में जाकर छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर (112, 1090, 1930) की जानकारी देने और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए। महिला अपराधों वाले हॉटस्पॉट स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और स्टंटबाजी, तीन सवारी, गलत नंबर प्लेट और काली फिल्म वाली गाड़ियों पर कठोर कार्रवाई होगी।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीना, अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश कुमार सिंह, समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News