फ्लाईओवर के नीचे हरियाली और पार्किंग — वाराणसी को मिल रहा नया स्मार्ट स्पेस

नगर निगम की पार्किंग प्रबंधन बैठक में लिए गए कई अहम निर्णय, अवैध पार्किंग पर सख्ती के निर्देश

वाराणसी नगर निगम में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था और पार्किंग सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में कैंट स्टेशन के सामने फ्लाईओवर के नीचे हरियाली के साथ पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का निर्णय लिया गया। नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी के अभियंताओं को इस प्रस्ताव को शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही चौकाघाट से लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे भी पार्किंग व हरियाली विकसित करने की योजना पर जोर दिया गया।

बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने बताया कि शहर में 360 से अधिक कैमरे काम नहीं कर रहे हैं, जिस पर नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता को तत्काल सुधार के आदेश दिए।
अवैध पार्किंग संचालित करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि कोतवाली थाना के सामने पीएसी वाहनों के स्थान पर नया पार्किंग स्थल विकसित करने पर सहमति बनी।

इसके अलावा, कैंट रोपवे के सामने पार्किंग की व्यवस्था, पीलर संख्या 49–50 से बसों के यू-टर्न के स्थान पर पीलर 65–66 के बीच रेलिंग हटाने के सुझाव पर भी चर्चा हुई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पुलिस लाइन में खड़ी पुरानी गाड़ियों की नीलामी कराकर उनके लिए डंपिंग यार्ड बनाया जाएगा।

निजी पार्किंग संचालकों के लिए भूमि मानक तय किए गए — दोपहिया वाहनों के लिए 4 वर्गमीटर, चारपहिया के लिए 23 वर्गमीटर और बसों के लिए 30 वर्गमीटर क्षेत्र अनिवार्य होगा। साथ ही, सड़क किनारे नाइट पार्किंग के लिए अधिक से अधिक स्थलों को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान सिंह, अपर नगर आयुक्त संगम लाल, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, मुख्य अभियंता अमरेन्द्र तिवारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Share the News