वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शहर में सुगम यातायात और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 02 सितंबर को व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रथयात्रा से गुरुबाग मार्ग, अरिहन्त कॉम्पलेक्स, ब्रॉडवे होटल भेलूपुर, रविन्द्रपुरी, जैन नेत्रालय सुन्दरपुर और पॉपुलर हॉस्पिटल क्षेत्र में गड्ढे छोड़ने और यातायात बाधित करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करने, गिरफ्तारी और अन्य दंडात्मक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
इसके अलावा, अरिहन्त कॉम्पलेक्स, पॉपुलर हॉस्पिटल और आई.पी. मॉल सिगरा को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई कि वे संस्थान के सामने उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें। अवैध पार्किंग पाए जाने पर संस्था को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्र और सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सोमवीर सिंह को निर्देशित किया गया कि संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर सड़क निर्माण/मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। तेलियाबाग से मरीमाई तिराहा, चौकाघाट, कमच्छा तिराहा, कैंसर हॉस्पिटल सुन्दरपुर और मण्डुवाडीह से लहरतारा तक फैले अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, ठेले-खोमचे हटाने एवं दोषियों पर अभियोग पंजीकृत करने के भी आदेश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्र, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सोमवीर सिंह एवं संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

More Stories
Vasile Carare का काशी दौरा
बना देश का पहला सरकारी अस्पताल जहां शुरू हुई नॉन-सीटी रोबोटिक घुटना सर्जरी
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा