वाराणसी मुठभेड़: वाइन शॉप सेंधमारी के आरोपी बदमाश को लगी गोली, साथी भी गिरफ्तार

वाराणसी। कैंट पुलिस और बदमाशों के बीच बुधवार की आधी रात मुठभेड़ हो गई। बाइक सवार दो संदिग्धों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दरोगा की गोली एक बदमाश शाहिद अली उर्फ राजू अंसारी (निवासी लोहता) के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी अजय कुमार गुप्ता (निवासी सारनाथ) ने मौके पर आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी में तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई, जिसके चोरी का होने की आशंका है। घायल बदमाश को दीनदयाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड:

  • शाहिद अली उर्फ राजू अंसारी पर 16 मुकदमे दर्ज।
  • अजय कुमार गुप्ता पर 11 मुकदमे दर्ज।

जांच में खुलासा हुआ कि दोनों हाल ही में वरुणा पुल के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में सेंधमारी की वारदात में भी शामिल थे।

मौके पर पहुंचे डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार और एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने घटनास्थल का मुआयना कर फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटवाए। पुलिस अब दोनों की आपराधिक पृष्ठभूमि की गहन जांच कर रही है।

About The Author

Share the News