सबको मिले समान अवसर, यही है असली सामाजिक न्याय” – पूर्व मंत्री और विधायक डॉ. नीलकण्ठ तिवारी

डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व प्रबंधक स्व. पीएन सिंह यादव की 21वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को कॉलेज परिसर में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विषय था – “सामाजिक न्याय और समावेशी नीतियों की अवधारणा।”

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शहर दक्षिणी विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकण्ठ तिवारी ने कहा कि सामाजिक न्याय की अवधारणा भारत में अनादि काल से रही है, लेकिन पिछले एक हजार वर्षों में विदेशी आक्रांताओं ने इसे धर्म और जाति के आधार पर तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय परंपरा में सामाजिक न्याय कभी जाति-आधारित नहीं रहा, बल्कि यह हमेशा व्यक्ति आधारित रहा है।

डॉ. तिवारी ने कहा – “स्व. पीएन सिंह यादव का सामाजिक न्याय सबके उत्थान के लिए था। समाज का असली न्याय तभी है जब सबको समान अवसर मिले। व्यक्ति का विकास ही परिवार, समाज और देश के विकास का आधार है।”

विशिष्ट वक्तव्य देते हुए कॉलेज प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने कहा कि स्व. बाबूजी का सपना तभी पूरा होगा जब जातिगत सोच से ऊपर उठकर सभी को जोड़ा जाएगा। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि हर वर्ग के निम्न स्तर तक शिक्षा पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

अध्यक्षता करते हुए कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल ने कहा कि स्व. पीएन सिंह यादव ऐसे महापुरुष थे, जिन्होंने सबको साथ लेकर चलने की परंपरा स्थापित की।

संगोष्ठी से पूर्व अतिथियों ने स्व. पीएन सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। पाणिनी कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने वेद पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपक कुमार शर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. संगीता जैन ने दिया।

इस अवसर पर डॉ. पारुल जैन, रतनलाल, डॉ. प्रीति विमर्शिनी, डॉ. संजय कुमार सिंह, प्रो. ऋचारानी यादव, प्रो. प्रशांत कश्यप, प्रो. विजयनाथ दुबे, प्रो. मीनू लाकड़ा समेत सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News