वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने अपने 75 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के तहत मंगलवार, 19 अगस्त 2025 को 31वें दिन दुर्गाकुंड वार्ड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान क्षेत्र में लंबे समय से चोक सीवर लाइन से उत्पन्न जलजमाव की समस्या सामने आई। विधायक ने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों की कड़ी क्लास लगाई और अपनी देखरेख में सीवर लाइन की मरम्मत कार्य तुरंत कराया। इसके बाद विभिन्न हिस्सों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों से घर जाकर मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इसी क्रम में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 5 पौधे भी लगाए गए।
चर्चा के दौरान गुरुकुल पद्धति को आधुनिक स्वरूप देने की बात सामने आई। इस पर विधायक ने घोषणा की कि दक्षिणी विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में डिजिटल गुरुकुल स्थापित किए जाएंगे।
पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि “हर डिजिटल गुरुकुल में लगभग 10 कंप्यूटर लगाए जाएंगे, जो एक डिजिटल लाइब्रेरी का स्वरूप देंगे। इसमें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से लेकर बेसिक शिक्षा तक का सम्पूर्ण पाठ्यक्रम उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।”
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह डब्बू, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपालजी गुप्ता, पार्षद अक्षयबर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ