वाराणसी। उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को लेकर मंगलवार, 19 अगस्त 2025 को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तर की ओटीपी (OTP) सेल बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने की।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की जीडीपी बढ़ाने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार की जाए और उसके अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक सेक्टर में गुणात्मक वृद्धि जरूरी है।
प्राथमिक सेक्टर के अंतर्गत कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन में विस्तार और उत्पादन वृद्धि पर जोर दिया गया।
द्वितीयक और तृतीयक सेक्टर में उद्योग, सेवा और उत्पादन क्षेत्र की प्रगति को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि इंडस्ट्री रजिस्ट्रेशन की संख्या बढ़ाई जाए, उत्पादन क्षमता को बढ़ावा दिया जाए और सभी आंकड़े शुद्धता के साथ प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी सेक्टरों में अपेक्षित वृद्धि के साथ-साथ उनकी सही रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, एडीएम (एफआर) वंदिता श्रीवास्तव, एडीएम प्रोटोकॉल, एडीएम सिविल सप्लाई समेत कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ