वाराणसी में पुलिस-चेन स्नैचर मुठभेड़: पैर में गोली लगते ही दबोचा गया शातिर, साथी फरार

वाराणसी में गुरुवार देर रात पुलिस और चेन स्नैचरों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात बदमाश घायल होकर पकड़ा गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मामला लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर इलाके का है, जहां स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा गश्त के दौरान पुलिस टीम की बाइक सवार बदमाशों से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

पुलिस के अनुसार, बदमाश महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग करता था और वाराणसी में पिछले दो हफ्तों में कई वारदातों को अंजाम दे चुका था। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें भभुआ, बिहार निवासी विकास कुमार पटेल (22) के पैर में गोली लगी। सड़क पर पत्थर की वजह से बाइक फिसलने पर वह गिर पड़ा और पुलिस ने घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

घायल बदमाश को तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। मौके से पुलिस ने एक बाइक, देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पांच आपराधिक केस दर्ज हैं, जबकि फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।

मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही डीसीपी क्राइम सरवणन टी और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार मौके पर पहुंचे, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की थी।

VaranasiNews #CrimeNews #UPPolice #VNSCrime #VNSBreaking #ChainSnatching #VaranasiUpdates #PoliceEncounter #FreedomDaySecurity #UPBreaking

About The Author

Share the News