झूठा केस बनाकर जेल भेजा जा रहा; लोकतंत्र को खत्म करने की है प्लानिंग~~~~~
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी रैली तेज कर दी है। शनिवार को वह बिजनौर के नहटौर पहुंचे और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने बीजेपी को सबसे ज्यादा साजिश करने वाली पार्टी बताया।
उन्होंने कहा, इलेक्टोरल बॉन्ड का पैसा बीजेपी के पास कैसे पहुंच गया। यह लोग अरविंद केजरीवाल और अन्य लोगों पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। हर एक कंपनी बीजेपी को इलेक्टोरल बॉन्ड से पैसा दे रही है। जबकि साजिश करके दूसरों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। झूठा केस बनाकर जेल भेजा जा रहा है।
अखिलेश ने कहा, आप सब से सपा गठबंधन के प्रत्याशी मनोज कुमार के लिए वोट मांगने आया हूं। पहले चरण में ही बीजेपी की बोहनी नहीं होने वाली है। 2022 में जनता का भरपूर समर्थन हमें मिला था। बिजनौर में भी सीटें जीती थीं, लेकिन यहां हमें हरा दिया गया।
लोकतंत्र को खत्म करने की हो रही साजिश
अखिलेश ने कहा, जो महापुरुष तस्वीरों में दिखाई दे रहे हैं, उन्होंने बहुत संघर्ष किया है। आजादी के बाद जो सम्मान मिलना चाहिए था सरकार नहीं दे पाई। भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमारे संविधान को बदल देगी। हमारे लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश हो रही है। यह संविधान हमें आसानी से नहीं मिला। इसके लिए जाने कितने लोगों ने अपनी जान की कुर्बानी दी है।
आज बेरोजगारी चरम सीमा पर
अखिलेश ने कहा कि आज बेरोजगारी चरम सीमा पर है। सपना दिखाया है कि हम सबसे आगे हैं ,विश्व गुरु बन जाएंगे। आज नौजवान हताश हो गया। नौजवान आत्महत्या कर रहे हैं। परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं।
आखिरकार मुख्यमंत्री को क्यों जेल भेजना पड़ रहा
सपा प्रमुख ने कहा, हर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी का ढाई लाख वोट कम हो गया है। जो लोग नारा दे रहे हैं कि 400, पर उन्हें आखिरकार मुख्यमंत्री को क्यों जेल भेजना पड़ रहा है। अगर 400 पार पर सरकार बना रहे थे, तो आपको दिल्ली के अरविंद केजरीवाल को क्यों जेल भेजना पड़ा? आपकी तो सरकार बन रही थी तो झारखंड के मुख्यमंत्री को क्यों जेल भेजा?
बाजार में जो महंगाई है, वह बीजेपी ने दी
अखिलेश ने कहा, बाजार में जो महंगाई दिखाई दे रही है, वह भाजपा के चंदा वसूली की है। यह वे लोग हैं, जिन्हें कानून से लेकर संविधान तक किसी की चिंता नहीं है।
हमारे विधायकों को लालच देकर तोड़ा गया
राज्यसभा चुनाव पर बोलते हुए कहा अखिलेश ने कहा कि हमारे विधायकों को लालच देकर तोड़ा गया है। हमारे जो विधायक गए हैं, उन्हें दिल्ली से सिक्योरिटी मिली है। यूपी से तो मिली ही है। लेकिन दिल्ली से पैकेज में सिक्योरिटी मिली है। दिल्ली वाले सिक्योरिटी देने में उस्ताद हैं। सिक्योरिटी इसलिए दे रहे हैं कि चुनाव में लाभ ले सकें।
अखिलेश ने कहा कि मनोज कुमार जो नगीना से प्रत्याशी हैं, वह जज की कुर्सी छोड़ कर आए हैं। जो अधिकारी कुर्सी छोड़कर राजनीति में आते हैं, वह सत्ता पक्ष के साथ जाते हैं। मनोज कुमार पहले इंसान हैं, जो विपक्ष के साथ आए हैं।
More Stories
क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी टली
पीएम आवास योजना में बनने वाले मकानों की बढ़ेगी कीमत
विद्युत करेंट से घायल युवक की मौत,शोक में बरवां बाजार बंद