एडीआरएम ने एडवांस सिग्नल प्रणाली को कराया दुरुस्त, 5 घंटे तक मौके पर रहे

ग्रामीणों ने सौंपा पत्रक, फुट ओवरब्रिज से रास्ता देने की उठाई मांग

पिंडरा।
उत्तर रेलवे वाराणसी के एडीआरएम बृजेश कुमार यादव ने शनिवार को बाबतपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एडवांस स्टॉपेज सिग्नल में आई खराबी का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों व कर्मचारियों को तत्काल सिग्नल दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

वाराणसी-जफराबाद रेलमार्ग पर बाबतपुर स्टेशन के उत्तरी छोर पर स्थित यह सिग्नल पिछले तीन दिनों से खराब था, जिससे ट्रेनों के संचालन में दिक्कतें आ रही थीं। मामले की जानकारी मिलते ही एडीआरएम सुबह करीब 8 बजे अधिकारियों व तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और करीब 5 घंटे तक वहीं रहकर कार्य की निगरानी करते रहे। उनके निर्देशन में दोपहर बाद तक सिग्नल को ठीक कर लिया गया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय ग्रामीण भी अपनी समस्याएं लेकर मौके पर पहुंचे। बीडीसी सदस्य श्याम मोहन गुप्ता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन को पत्रक सौंपा। उन्होंने बताया कि बाबतपुर (मंगारी) क्षेत्र में बन रही बाउंड्री वॉल के कारण उपपार स्थित धार्मिक स्थलों और खेत-खलिहानों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने मांग की कि फुट ओवरब्रिज के माध्यम से आम लोगों को रेल लाइन पार कर अपने खेतों और धार्मिक स्थलों तक आने-जाने की सुविधा दी जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो।

पत्रक सौंपने वालों में पप्पू सिंह, अजय कुमार पटेल, योगेश राजभर, विवेक सेठ, विनोद सेठ, रूपेश, विजय पटेल, शिवप्रकाश गुप्ता, विनोद पटेल, सिंटू पटेल सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे।

About The Author

Share the News