पिंडरा।
फूलपुर थाना क्षेत्र के कथौली गांव में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब खेत के बीच लगे ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते गेहूं की खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। इस अगलगी में लगभग 7 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे कई किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना दोपहर करीब एक बजे की है। अचानक ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली और सूखी फसल में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैल गई और आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में मानिका पटेल और सोनेलाल पटेल की ढाई-ढाई बीघा फसल जल गई, जबकि रमेश पाल और राजेश पाल की 10-10 विस्वा तथा बृजेश, राकेश, अशोक समेत अन्य किसानों की भी खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज विजय कुशवाहा और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। उन्होंने बताया कि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेजी जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की समय रहते मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

More Stories
राजस्व मामलों पर मंत्री की सख्ती: ‘जीरो पेंडेंसी’ का लक्ष्य तय
राजस्व मामलों पर मंत्री की सख्ती: ‘जीरो पेंडेंसी’ का लक्ष्य तय
घर से निकला युवक लापता, पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी