पिंडरा।
पिंडरा तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 109 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से मात्र 5 मामलों का मौके पर निस्तारण हो सका। शेष मामलों को संबंधित विभागों को जांच व कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने की। इस दौरान जमीन विवाद, अवैध कब्जा, पेयजल समस्या, नाली निर्माण और पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
राजपुर निवासी ऊदल पटेल ने फर्जी तरीके से जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने, बैनामा निरस्त होने के बावजूद खेत पर कब्जा न मिलने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की। इस पर एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक व थाना प्रभारी सिंधोरा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं पिंडरा निवासी राहुल सोनी ने फूलपुर क्षेत्र के 52 बीघा तालाब पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाया, जिस पर जांच के आदेश दिए गए। सिसवा अनेई के ग्रामीणों ने हर घर जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति न होने की शिकायत की, जिस पर अधिशासी अभियंता को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
खालिसपुर के संजय कुमार, महेंद्र प्रसाद और राजेश यादव ने सरकारी नाली की खुदाई कर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग उठाई, जिस पर बीडीओ को आवश्यक निर्देश दिए गए। अहरक निवासी धनंजय पांडेय ने खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई।
मिराशाह निवासी राहुल सेठ ने फूलपुर पुलिस पर चेन स्नैचिंग के मामले में मारपीट की घटना दर्ज न करने का आरोप लगाया। वहीं समुदाय संघर्ष समिति के प्रेम नट ने तहसील प्रशासन पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुनः पत्रक सौंपा। इस पर एसीपी प्रतीक कुमार को जांच के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
दालमंडी चौड़ीकरण को रफ्तार: 27 मार्च से फिर चलेगा बुलडोजर, भवन खाली करने की मुनादी
निर्माण कार्यों में देरी और लापरवाही पर सख्त समिति: वाराणसी में CCTV मॉनिटरिंग और समयबद्ध काम के निर्देश
82 दिन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कोडीन कफ सिरप कांड में भोला जायसवाल समेत 10 पर चार्जशीट, मास्टरमाइंड अब भी फरार