एडीजे ने पिंडरा ग्राम न्यायालय का किया वार्षिक मुआयना, अभिलेख अपडेट रखने के दिए निर्देश

पिंडरा।
तहसील परिसर स्थित ग्राम न्यायालय पिंडरा का गुरुवार अपराह्न अपर जिला जज (एडीजे) विनोद कुमार ने वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर, कोर्ट कक्ष व कार्यालय का बारीकी से अवलोकन किया।

एडीजे विनोद कुमार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे न्यायालय पहुंचे और अभिलेखों के रखरखाव, मुकदमों के निस्तारण की प्रक्रिया तथा फाइलों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी पत्रावलियों को समय-समय पर अपडेट रखा जाए, जिससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत मुकदमों के निस्तारण की संख्या का भी अवलोकन किया। एक घंटे तक चले निरीक्षण में उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को न्याय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। साथ ही, बीते एक वर्ष में तेजी से हुए मुकदमों के निस्तारण की सराहना भी की।

इससे पूर्व न्यायालय पहुंचने पर ग्राम न्यायालय के जज सत्यम सिंघल, रीडर अतुल कीर्ति, जयप्रकाश श्रीवास्तव, संजय सिंह, आशीष कुमार एवं अभिषेक कुमार ने एडीजे का बुके भेंट कर स्वागत किया।

About The Author

Share the News