बच्चों में शिक्षा के साथ संस्कार जरूरी: डॉ. अवधेश सिंह

पिंडरा।
पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि शिक्षकों को पढ़ाई-लिखाई के साथ बच्चों में संस्कार देने की भी आवश्यकता है। बिना संस्कार के समाज में विघटन की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

विधायक शनिवार को बरवां स्थित बीवीएम इंग्लिश स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में बच्चों और शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज समाज को शिक्षित होने के साथ-साथ संस्कारित होने की जरूरत है। संस्कारों की कमी के कारण परिवारों में टूटन हो रही है और लोग अवसादग्रस्त हो रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। छोटे-छोटे बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर विधायक ने मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया।

विधायक ने विद्यालय परिसर में विधायक निधि से निर्मित एक कक्षीय भवन का लोकार्पण भी किया।

समारोह के दौरान पूर्व प्रधानाचार्य एवं बिहार के मधुबनी स्थित राजकीय कॉलेज के शिक्षक संतोष वर्मा को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

अतिथियों का स्वागत प्रबंधक पंधारी वर्मा ने किया, संचालन सपना वर्मा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य श्रीकांत वर्मा ने दिया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के लालचन्द्र राजभर, संजय गुप्ता, भाजपा जिला मंत्री फौजदार शर्मा, अभिषेक राजपूत, सर्वेश सिंह, मोहम्मद गुलाम, राजेन्द्र पटेल, महेंद्र राजभर, सील प्रसाद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

✍️ रिपोर्ट: रॉयल शाइन टाइम्स, पिंडरा

About The Author

Share the News