एसटीएफ की बड़ी कामयाबी:50 हजार का इनामी अपराधी करिया लोना गिरफ्तार, हत्या के प्रयास में था वांछित

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश को एक बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में 50,000 रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त करिया लोना को एसटीएफ ने सुलतानपुर जनपद से गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था और अलग-अलग राज्यों में पहचान बदलकर रह रहा था।

एसटीएफ के अनुसार, अभियुक्त करिया लोना, निवासी अम्बेडकरनगर, थाना कोतवाली जलालपुर में पंजीकृत मु.अ.सं. 103/2023, धारा 307 भादवि (हत्या का प्रयास) में वांछित था। उसे 19 जनवरी 2026 की रात लगभग 23:45 बजे ग्राम बेलखरियापुर, थाना लम्भुआ, जनपद सुलतानपुर से गिरफ्तार किया गया।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि हाल के दिनों में कई इनामी अपराधी दोबारा सक्रिय होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में एसटीएफ फील्ड यूनिट अयोध्या द्वारा लगातार खुफिया सूचनाओं का संकलन किया जा रहा था। पुख्ता सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने अभियुक्त को धर दबोचा।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह आजमगढ़ और अम्बेडकरनगर में अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी, लूट और डकैती जैसी वारदातों में शामिल रहा है। वर्ष 2019 में उसने आजमगढ़ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया था।
वर्ष 2023 में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज होने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब और हरियाणा में नाम बदलकर मजदूरी करता रहा। हाल ही में वह वापस लौटकर सुलतानपुर में छिपकर रह रहा था।

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को संबंधित मुकदमे में थाना कोतवाली जलालपुर, अम्बेडकरनगर में दाखिल कर दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त करिया लोना के खिलाफ डकैती, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जो उसके संगठित आपराधिक नेटवर्क और लंबे अपराध इतिहास को दर्शाते हैं।

एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि इनामी और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News