प्रयागराज। (UP STF) को अंतरराज्यीय अपराधियों के विरुद्ध बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF ने 50,000 रुपये के इनामी और अंतरराज्यीय मेव गैंग के सरगना इमरान उर्फ अनवर खां (मेव) को प्रयागराज कमिश्नरेट के थाना घूरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से गंभीर लूट व डकैती के मुकदमों में वांछित चल रहा था।
STF के अनुसार यह गिरफ्तारी 18 जनवरी 2026 को दोपहर 12:10 बजे रीवा–प्रयागराज राजमार्ग के सर्विस लेन, अमरेहा तिराहे के पास की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनवर उर्फ इमरान उर्फ इबरान, पुत्र स्वर्गीय नूर मोहम्मद उर्फ नुरू खां, निवासी चिरचिटा थाना सलेमपुर, जनपद बुलंदशहर (वर्तमान पता कस्बा बरगढ़, जिला चित्रकूट) के रूप में हुई है।
STF की सटीक सूचना और घेराबंदी से गिरफ्तारी
STF फील्ड यूनिट आगरा की टीम लंबे समय से इनामी और फरार अपराधियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त को दबोच लिया।
डकैती, लूट और चोरी में सक्रिय अंतरराज्यीय गैंग
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वर्ष 2020 में प्रयागराज के घूरपुर क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। गैंग ग्रामीण इलाकों में दिन के समय रेकी कर चोरी, लूट, डकैती और गृहभेदन जैसी घटनाएं करता था। आरोपी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ मध्य प्रदेश, झारखंड समेत अन्य राज्यों में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
दिसंबर 2025 में घूरपुर कस्बे में चोरी के प्रयास के दौरान गृहस्वामी के विरोध पर मारपीट कर आरोपी फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने ससुराल कस्बा बरगढ़, जिला चित्रकूट में छिपकर रह रहा था और किसी काम से प्रयागराज आया हुआ था।
लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट और बुलंदशहर जिलों में डकैती, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
STF द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त को थाना घूरपुर, कमिश्नरेट प्रयागराज में दाखिल कर दिया गया है, जहां स्थानीय पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि संगठित और अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ STF का अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ