पिंडरा। पिंडरा ब्लॉक के विभिन्न गांवों से आईं मुसहर समुदाय की महिलाओं और पुरुषों ने अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन में नट समुदाय संघर्ष समिति के बैनर तले दिया गया।
ज्ञापन देने वालों में जगदीशपुर से 11, धरसौना से 4, रायतारा से 7 तथा कहरका से 5 मुसहर समुदाय के लोग शामिल रहे। समुदाय ने घरोैनी, भूमि आवंटन, आवासीय पट्टा, शौचालय तथा प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत घरोैनी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जाने की मांग की।
मुसहर समुदाय के लोगों ने बताया कि वे वर्षों से इन गांवों में निवास कर रहे हैं, इसके बावजूद आज भी उन्हें उनके वैधानिक और संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। बिना घरोैनी और आवासीय पट्टे के वे सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
इस अवसर पर नट समुदाय संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं संयोजक प्रेम नट ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घरोैनी को लेकर विधेयक पारित कर इसे कानूनी मान्यता दी जा चुकी है और प्रदेश में लाखों परिवारों को घरोैनी प्रमाण पत्र वितरित किए जा चुके हैं। इसके बावजूद जनपद की पिंडरा, राजातालाब एवं सदर तहसीलों में विमुक्त, घुमंतु, अर्ध-घुमंतु, नट एवं मुसहर समुदाय के हजारों परिवार आज भी इससे वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि नट समुदाय संघर्ष समिति बीते तीन वर्षों से घरोैनी प्रमाण पत्र की मांग कर रही है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री से अपील की कि घरोैनी प्रमाण पत्र और आवासीय पट्टे के मामलों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि विमुक्त, घुमंतु एवं अर्ध-घुमंतु जातियों को उनका वैधानिक मालिकाना अधिकार मिल सके।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ