अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाशटेलीग्राम के जरिए चीनी हैंडलरों के लिए काम करने वाले 2 शातिर गिरफ्तार

₹6.32 लाख नकद समेत मोबाइल, एटीएम कार्ड, विदेशी सिम व स्कॉर्पियो बरामद

आजमगढ़ | साइबर क्राइम डेस्क (रॉयल शाइन टाइम्स)

आजमगढ़ साइबर थाना पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी और अहम सफलता मिली है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय साइबर ठगी सिंडिकेट का खुलासा करते हुए पुलिस ने टेलीग्राम के माध्यम से चीनी साइबर अपराधियों के लिए काम कर रहे दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से ₹6.32 लाख नकद, 11 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, बैंक दस्तावेज, विदेशी सिम कार्ड, कैश काउंटिंग मशीन और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले इसी गिरोह के चार अन्य सदस्य भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।


पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के मार्गदर्शन में की गई।


क्या है पूरा मामला

18 सितंबर 2025 को थाना साइबर क्राइम, आजमगढ़ में दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़ित के पुत्र को Telegram के एक ग्रुप में जोड़ा गया। वहां “WOOCOMMERCE” नामक कंपनी के लिए काम करने और प्रोडक्ट बूस्टिंग के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच दिया गया।

इसके बाद WOOAUTOMATTIC.COM नामक वेबसाइट के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों में कुल ₹12.64 लाख जमा कराए गए, जो बाद में साइबर ठगी साबित हुई।

इस संबंध में थाना साइबर क्राइम, आजमगढ़ पर मु0अ0सं0 28/2025, धारा 318(4), 319(2), 317 BNS व 66C/66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।


अंतर्राष्ट्रीय कनेक्शन का खुलासा

जांच में सामने आया कि इस गिरोह का नेटवर्क चीन तक फैला हुआ है।

टेलीग्राम आईडी LEE COOPER, SIMBA (A WATSON) और Nobita के जरिए चीनी हैंडलरों से संपर्क

ठगी की रकम भारतीय बैंक खातों में ट्रांसफर

एटीएम व चेक के माध्यम से नकद निकासी

नकदी को USDT (क्रिप्टो करेंसी) में बदलकर विदेश भेजा जाता था

पुलिस के अनुसार अभियुक्त अभिषेक गुप्ता अब तक 10–15 करोड़ रुपये की रकम USDT में बदलकर चीनी हैंडलरों को भेज चुका है।


गिरफ्तार अभियुक्त

  1. अभिषेक गुप्ता – निवासी जानकीपुरम, लखनऊ
    (गिरोह का मुख्य संचालक एवं चीनी साइबर अपराधियों का संपर्ककर्ता)
  2. शाश्वत अवस्थी – निवासी इंदिरा नगर, लखनऊ

गिरफ्तारी गोमतीनगर/जानकीपुरम क्षेत्र से की गई।


बरामदगी का विवरण

₹6,32,320 नकद

11 मोबाइल फोन

12 एटीएम कार्ड

9 चेकबुक, 2 पासबुक

1 आधार कार्ड

1 कैश काउंटिंग मशीन

1 स्कॉर्पियो वाहन (UP32 QC 8600)

1 विदेशी सिम कार्ड (नेपाल)

डिजिटल साक्ष्य (टेलीग्राम चैट, डेटा आदि)


पुलिस की कार्रवाई

तकनीकी विश्लेषण, IP ट्रैकिंग, डिजिटल साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश देकर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। बरामद सामग्री को विधिक प्रक्रिया के तहत सील कर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया है।


जनता से अपील

आजमगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि—

किसी भी अज्ञात लिंक, APK फाइल या टेलीग्राम/व्हाट्सएप ऑफर से सावधान रहें

कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता किसी को न दें

साइबर अपराध की सूचना तुरंत 1930 या नजदीकी साइबर थाना/पुलिस स्टेशन को दें

About The Author

Share the News