दालमंडी चौड़ीकरण पर फुल स्पीड, माफियाओं पर सख्त एक्शन

सीएम योगी ने वाराणसी में विकास व कानून व्यवस्था की समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश

वाराणसी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना को प्राथमिकता देते हुए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने और सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, परियोजना से जुड़े न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम और जल निगम को सीवरेज व पेयजल व्यवस्था में ठोस सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों को हर हाल में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। शहर में अनावश्यक जाम की समस्या से निपटने के लिए वेंडिंग जोन विकसित कर रिक्शा और ठेलों को व्यवस्थित करने तथा अवैध टैक्सी व बस स्टैंड हटाकर निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।

कानून व्यवस्था पर सख्त रुख

सीएम योगी ने अवैध कब्जाधारियों, माफियाओं, पेशेवर गुंडों और चेन स्नेचरों के खिलाफ थानावार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। हुक्का बार सहित अन्य अनैतिक गतिविधियों पर सख्ती, साइबर थाना व हेल्पडेस्क को और अधिक सक्रिय करने तथा माघ मेला व आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने पर विशेष जोर दिया।

घाट, नाविक और पर्यटन व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने वरुणा नदी के पुनरोद्धार और बाढ़ बचाव कार्यों में जनप्रतिनिधियों के सुझाव शामिल करने तथा नाविकों से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घाट श्रद्धालुओं के लिए पवित्र स्थल हैं, वहां किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पर्यटकों और आमजन के प्रति पुलिस व सुरक्षा बलों का व्यवहार सहयोगी और संवेदनशील हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

विकास परियोजनाओं की प्रगति

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वर्ष 2024–25 के दौरान 35,155 करोड़ रुपये की लागत से 486 परियोजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं। वर्तमान में 17,915 करोड़ रुपये की 128 परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनमें सड़क और पुल से जुड़ी 24 परियोजनाएं (5,812 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून व्यवस्था, गौ-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, साइबर अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की जानकारी दी।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, टी राम, डॉ. अवधेश सिंह, डॉ. सुनिल पटेल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीआईजी वैभव कृष्णा, वीसी पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश

> “काशी की वैश्विक छवि को और सशक्त बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निरंतर और प्रभावी प्रयास करें।”

About The Author

Share the News