काशी में कल से वॉलीबॉल का ‘महाकुंभ’ पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, सीएम योगी मैदान में भरेंगे खिलाड़ियों में जोश

धर्म और संस्कृति की राजधानी काशी अब राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर भी नई पहचान गढ़ने को तैयार है। 4 से 11 जनवरी तक सिगरा स्थित नवनिर्मित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी दिल्ली से वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे, जबकि योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों के बीच स्टेडियम में मौजूद रहकर उनका उत्साह बढ़ाएंगे। आयोजन में उपमुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजेश पाठक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि यह चैंपियनशिप प्रधानमंत्री के ‘खेलो इंडिया’ विज़न को समर्पित है, जिसका उद्देश्य वॉलीबॉल को स्टेडियमों से निकालकर गांव-गली तक पहुंचाना है। काशी के इतिहास में पहली बार अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ के ऑब्जर्वर (स्विट्ज़रलैंड) की निगरानी में मुकाबले होंगे। मैचों की गुणवत्ता के लिए उत्तराखंड और राजस्थान से विशेष टेराफ्लेक्स कोर्ट मंगाए गए हैं।

🔹 देशभर से 31 राज्यों की टीमें, 1022 खिलाड़ी मैदान में

प्रतियोगिता में 31 राज्यों की 73 टीमें (पुरुष व महिला) भाग ले रही हैं। महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, बिहार, झारखंड, बंगाल, त्रिपुरा, पंजाब सहित कई राज्यों की टीमें वाराणसी पहुंच चुकी हैं। कुल 1022 खिलाड़ी एवं लगभग 1250 प्रतिभागी इस महाआयोजन का हिस्सा होंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, वहीं खिलाड़ियों की सुविधा के लिए विशेष ‘हेल्प डेस्क’ भी सक्रिय कर दी गई है।

🔹 ‘नंदू’ और ‘नीरा’ बने शुभंकर

काशी की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने के लिए ‘नंदू’ (नंदी) और ‘नीरा’ (गंगा डॉल्फिन) को इस चैंपियनशिप का शुभंकर बनाया गया है। स्टेडियम को दुल्हन की तरह सजाया गया है और सुरक्षा व्यवस्था वीवीआईपी प्रोटोकॉल के तहत चाक-चौबंद की गई है।

🔹 चार कोर्ट, आठ दिन, 125 से अधिक मुकाबले

स्टेडियम में 2 इंडोर और 2 आउटडोर कोर्ट तैयार किए गए हैं।

  • 4–7 जनवरी: लीग चरण (प्रतिदिन ~30 मैच)
  • 8 जनवरी: प्री-क्वार्टर फाइनल
  • 9 जनवरी: क्वार्टर फाइनल
  • 10 जनवरी: सेमीफाइनल
  • 11 जनवरी: फाइनल व समापन समारोह

गत विजेता राजस्थान (पुरुष) और भारतीय रेलवे (महिला) अपनी साख बचाने उतरेंगे, जबकि मेजबान उत्तर प्रदेश की टीमें खिताब जीतने के इरादे से कोर्ट में उतरेंगी।

🔹 यूपी टीम नेतृत्व

  • पुरुष टीम कप्तान: श्रेयांस सिंह (उत्तर प्रदेश पुलिस)
  • महिला टीम कप्तान: प्रियंका (उत्तर प्रदेश पुलिस)
  • वाराणसी से चयन: अभिषेक मिश्रा (सेंटर ब्लॉकर), अग्रिमा त्रिपाठी (सेटर)

🔹 प्रशासनिक निरीक्षण व कैंटीन का शुभारंभ

आयोजन से पहले कमिश्नर एस राज लिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और डीआईजी शिवहरि मीणा ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल भी मौजूद रहे। माता अन्नपूर्णा के पूजन के बाद खिलाड़ियों के लिए नवनिर्मित कैंटीन का उद्घाटन किया गया और व्यवस्थाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए।

“यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि काशी को ‘स्पोर्ट्स टूरिज्म हब’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है।”
— अशोक कुमार तिवारी, महापौर

KashiSports #NationalVolleyballChampionship #Varanasi #SportsTourism #KheloIndia #VolleyballIndia #UPSports #DrSampurnanandStadium #PMModi #CMYogi

NewsUpdate #viralnews #News

Ashok Tiwari BJP MYogiAdityanath

About The Author

Share the News