काशी में वॉलीबॉल महाकुंभ का आगाज़ 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप से रचेगा इतिहास

वाराणसी।
धर्म, संस्कृति और अध्यात्म की नगरी काशी अब खेलों के राष्ट्रीय मानचित्र पर भी अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराने जा रही है। सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 4 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह पहला अवसर है जब काशी को इतनी बड़ी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की मेजबानी का गौरव प्राप्त हो रहा है।

इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता का वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन समारोह में भौतिक रूप से उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। यह आयोजन काशी के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है।

देशभर से जुटेंगे दिग्गज खिलाड़ी

आठ दिनों तक चलने वाली इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 1250 खिलाड़ी, कोच और तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे। इन आठ दिनों तक काशी वॉलीबॉल के रोमांच, कड़े मुकाबलों और खेल भावना से सराबोर रहेगी।

विशिष्ट अतिथि और आयोजन की कमान

उद्घाटन सत्र में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी स्वयं तैयारियों की कमान संभाले हुए हैं। प्रतियोगिता को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्षदों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर

प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के समन्वय से स्टेडियम को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

काशी के खेल इतिहास में नया अध्याय

72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप न केवल काशी के खेल इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और वाराणसी को राष्ट्रीय खेल केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

About The Author

Share the News