सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट वीडियो का खुलासा

पड़री पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

मीरजापुर।
सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट एवं धमकी से जुड़े वीडियो के मामले में मीरजापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना पड़री क्षेत्र से संबंधित है, जहां वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस हरकत में आ गई।

पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में एक व्यक्ति को असलहा तस्करी के मुख्य अभियुक्त का नाम लेकर धमकाने, अपहरण करने तथा उसके साथ मारपीट करने की घटना सामने आई थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित से तत्काल तहरीर प्राप्त कर थाना पड़री पर मु0अ0सं0-262/2025 अंतर्गत धारा 140(1), 115(2), 352, 351(3), 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में उपनिरीक्षक विजय शंकर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दिनांक 01 जनवरी 2026 को तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त:

1. शान्तनू सिंह पुत्र अनुज उर्फ बिन्दु, निवासी भरपुरा, थाना पड़री, उम्र लगभग 20 वर्ष

2. शिवांश विश्वकर्मा पुत्र राजेश विश्वकर्मा, निवासी उमरिया, थाना पड़री, उम्र लगभग 19 वर्ष

3. अमन अली पुत्र कमरूद्दीन, निवासी उमरिया, थाना पड़री, उम्र लगभग 19 वर्ष

गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना अथवा आपत्तिजनक वायरल सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

— रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News