हिंदुओं की एकता से भारत की अखंडता होगी मजबूत : अम्बरीष सिंह भोला
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के उद्देश्य से शुक्रवार को बरियासनपुर स्थित महादेव महाविद्यालय परिसर में सकल हिंदू समाज द्वारा हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों से आए साधु-संतों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य विषय सनातन संस्कृति का संवर्धन, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र उत्थान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर रविदास मंदिर के महंत एवं मुख्य अतिथि पूज्य भारत भूषण महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति समस्त मानवता को प्रेम, करुणा और कर्तव्य का संदेश देती है। उन्होंने बांग्लादेश में एक दलित युवक को जिंदा जलाकर मारने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अमानवीय एवं जाहिल लोगों का कृत्य बताया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संस्कृति और मूल्यों से जुड़कर समाज को मजबूत बनाएं।
विशिष्ट अतिथि एवं वीडीए के मानद सदस्य अम्बरीष सिंह भोला ने हिंदू समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि जब-जब हिंदू समाज बंटा है, तब-तब देश कमजोर हुआ है। उन्होंने सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक एकजुटता से ही राष्ट्र की अखंडता सुदृढ़ होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कथन का उल्लेख करते हुए समाज को एकजुट और जागरूक रहने का संदेश दिया।
मुख्य वक्ता सेवा भारती के प्रांत उपाध्यक्ष गुलाब जी ने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना, उद्देश्य एवं सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज सेवा को धर्म का मूल तत्व बताते हुए शिक्षा, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया।
इस दौरान कुटुंब प्रबोधन की प्रांत अधिकारी नीता सिंह ने परिवार संस्था को समाज की आधारशिला बताते हुए महिला सशक्तिकरण एवं संस्कार आधारित शिक्षा पर विस्तार से अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हिंदू सम्मेलन के अध्यक्ष एवं पत्रकारिता विभागाध्यक्ष डॉ. लोकनाथ पांडेय ने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने बांग्लादेश में हो रही घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत ने बांग्लादेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, ऐसे में वहां से भारत को दी जा रही धमकियां दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
कार्यक्रम का संचालन बौद्धिक प्रमुख रेवती रमण शर्मा एवं डॉ. मारुत नंदन मिश्र ने किया। धन्यवाद ज्ञापन चिकित्सा भारती के प्रांत अधिकारी डॉ. शैलेश कुमार राय ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दयाशंकर सिंह, जगतपुर इंटर कॉलेज के प्राचार्य विपिन चंद्र राय, जिला प्रचारक मोहित जी, संघ चालक हरिशंकर सिंहा, नगर कार्यवाह दशमी जायसवाल, संजय बरनवाल, घनश्याम चौरसिया, राजीव श्रीवास्तव, राघवेंद्र सिंह, डॉ. संजय मिश्रा, अवनीश सिंह, विकास सिंह, डॉ. मोहन सिंह, अजय कुमार दुबे, डॉ. प्रियंका सिंह, भावना सिंह, इंजीनियर पूजा पांडेय, अर्चना मिश्रा, प्रतिमा पांडेय, इंजीनियर आशुतोष, डॉ. राकेश पांडेय, हीरालाल जायसवाल, डॉ. ज्योत्सना राय, पीयूष पटेल, आर.डी. यादव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
✦ संस्कृति और संकल्प का संगम
सम्मेलन के दौरान पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं तथा गंगा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता संदेश भी दिए गए। कार्यक्रम के समापन पर समाज में शांति, समरसता एवं राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। साथ ही भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की घोषणा की गई।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ