पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का 101वां जन्मदिन गुरुवार को देशभर के साथ-साथ वाराणसी में भी ‘सुशासन दिवस’ के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में अटल जी के विचारों, सिद्धांतों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया गया।
प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारतीय राजनीति के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने सुशासन, लोकतंत्र और राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखा। मंत्री ने कहा कि अटल जी की सोच और नीतियां आज भी देश के लिए मार्गदर्शक का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। उन्हें राजनीति की गहरी समझ के साथ चार दशकों से अधिक का संसदीय अनुभव प्राप्त था। वे 1962 और 1986 में दो बार राज्यसभा के सदस्य रहे। अटल जी ने 16 से 31 मार्च 1996 तथा पुनः 19 मार्च 1998 से 13 मई 2004 तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व किया। वर्ष 2015 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उनका निधन 16 अगस्त 2018 को हुआ, लेकिन उनके विचार आज भी राष्ट्र को दिशा दे रहे हैं।
सुशासन दिवस के अवसर पर वाराणसी स्थित मंडलीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य एवं मुख्य विकास अधिकारी के कर-कमलों द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत दर्जी ट्रेड के लाभार्थियों को टूलकिट तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग, सहायक आयुक्त उद्योग, सीएम युवा फैलो सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ