सोनभद्र। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना पिपरी पुलिस व एसओजी टीम ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस टीम ने 25 दिसंबर को खाड़पाथर–हाथीनाला जंगल मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोका। जांच में ट्रक के भीतर आलू के बोरों के बीच छिपाकर रखी गई 260 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 7440 शीशी (2296.80 लीटर) है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, जब्त ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई में एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। मौके से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। थाना पिपरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि शराब की यह खेप धीरज सिंह की थी, जिसे आलू के बोरों के बीच छिपाकर झारखंड के रास्ते बिहार भेजा जा रहा था। रास्ते की पूरी जानकारी मोबाइल फोन के जरिए दी जाती थी। अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार इसी तरीके से तस्करी कर चुका है और प्रति ट्रिप 30 हजार रुपये की रकम मिलती थी।
गिरफ्तार अभियुक्त
नवजोत सिंह, निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब), उम्र लगभग 35 वर्ष
वांछित अभियुक्त
पवन कुमार (वाहन स्वामी), निवासी कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश
धीरज सिंह (नाम-पता अज्ञात)
बरामदगी
2296.80 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब
एक ट्रक
एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन
250 रुपये नकद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ