रसूलपुर गांव में गुरुवार शाम एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बाइक से आपसी धक्का लगने के बाद हुई कहासुनी के दौरान फायरिंग हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो लोगों को गोली लगी, जिनमें एक किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोली लगने से समीर सिंह (14 वर्ष) पुत्र बनारसी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे तत्काल शिवपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, रामू यादव (35 वर्ष) निवासी इंदरपुर को कमर में गोली लगी है। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग के कारणों, प्रयुक्त हथियार और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
किशोर की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ