अंधेरे से मिली मुक्ति: मोकलपुर चौराहे पर महीनों बाद लगा नया ट्रांसफार्मर

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की पहल से दूर हुई ग्रामीणों की समस्या, प्रधान प्रतिनिधि की सक्रियता लाई रंग

चिरईगाँव, वाराणसी।
वाराणसी जनपद के चिरईगाँव ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा मोकलपुर में लंबे समय से चली आ रही बिजली संकट की समस्या का गुरुवार को समाधान हो गया। ग्राम सभा के मुख्य चौराहे पर कई महीनों से खराब पड़ा ट्रांसफार्मर आखिरकार बदल दिया गया। नया ट्रांसफार्मर स्थापित होते ही पूरे गाँव में राहत और खुशी का माहौल बन गया।

महीनों से परेशानी झेल रहे थे ग्रामीण

विदित हो कि मोकलपुर चौराहे पर लगा मुख्य ट्रांसफार्मर बीते कई महीनों से जला हुआ था। इसके चलते स्थानीय दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा था, वहीं बच्चों की पढ़ाई और रात्रिकालीन सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई थी। बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने से लोगों में आक्रोश भी बढ़ता जा रहा था।

प्रधान प्रतिनिधि ने उठाई आवाज, मंत्री तक पहुँचा मामला

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रभाकर कनोजिया ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।

मंत्री के निर्देश पर हुआ त्वरित समाधान

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने जनहित को सर्वोपरि मानते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए। मंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद विभाग ने तत्परता दिखाते हुए गुरुवार को चौराहे पर नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

ग्रामीणों में खुशी, किया आभार व्यक्त

ट्रांसफार्मर लगने के बाद ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एक-दूसरे का मुँह मीठा कराया। इस अवसर पर हरेंद्र यादव, अनिरुद्ध सिंह, संदीप कोटेदार, अमित सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस जनहितकारी कार्य के लिए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रभाकर कनोजिया एवं कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के प्रति आभार जताया।

About The Author

Share the News