सनसनीखेज हत्या: लकड़ियों के ढेर में मिला महिला का शव, पहचान मिटाने के लिए चेहरा कुचला

वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के कैथोर गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बगीचे में रखे लकड़ियों व सूखे बाजरे के ढेर के नीचे एक महिला का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देख प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर छिपाया गया है। पहचान छिपाने के उद्देश्य से हत्यारों ने महिला के चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया था।

ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी दयाराम यादव के बगीचे में सोनू नामक युवक का सूखा बाजरा व लकड़ियों का ढेर लगा था। सुबह जब कुछ ग्रामीण लकड़ियां उठाने पहुंचे तो ढेर के नीचे लगभग 30 वर्षीय महिला का शव दबा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल चोलापुर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने खून से सनी एक ईंट और महिला की एक चप्पल बरामद की है। पुलिस का अनुमान है कि हत्या की वारदात करीब दो दिन पूर्व की हो सकती है।

महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पहचान के लिए पुलिस ने कुछ अहम जानकारियां साझा की हैं। महिला के एक हाथ पर “GP” के साथ दिल का टैटू बना है, जबकि दूसरे हाथ पर “PL” लिखा हुआ टैटू है। महिला ने मैरून रंग की साड़ी और क्रीम रंग का स्वेटर पहन रखा था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरुणा जोन की डीसीपी नीतू कात्यायन मौके पर पहुंचीं और जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके साथ सारनाथ एसीपी विदुष सक्सेना और चोलापुर थाना प्रभारी दीपक कुमार भी मौजूद रहे। बाद में एडिशनल सीपी राजेश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।

मामले की तह तक पहुंचने के लिए एसओजी और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस आसपास के गांवों और थानों में दर्ज लापता महिलाओं के रिकॉर्ड खंगाल रही है। हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

About The Author

Share the News