चंदौली।
जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली सदर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर वाहन से 1809 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई जिले में शराब माफियाओं पर कड़ा प्रहार मानी जा रही है।
यह सफलता पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चंद्रशेखर (IPS) एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक चंदौली के नेतृत्व में थाना चंदौली पुलिस टीम द्वारा प्राप्त की गई।
रात्रि गश्त में मिली अहम सूचना
पुलिस टीम चौकी नवही के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कंटेनर वाहन संख्या RJ11GC8146 में गैर-प्रांत की अवैध अंग्रेजी शराब लदी हुई है। बताया गया कि वाहन खराब होने के कारण थाना चंदौली के सामने ओवरब्रिज पर खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां जांच के दौरान वाहन में कोई चालक या खलासी मौजूद नहीं मिला।
गैस कटर से कटा पाटिशन, अंदर छिपी थी शराब
पुलिस ने वाहन को नेशनल हाईवे से हटाकर थाने के सामने सर्विस लेन पर खड़ा किया और BNSS की धारा 105 के अंतर्गत वीडियोग्राफी कराते हुए तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन के अंदर लकड़ी का टूटा हुआ सामान मिला, जबकि केबिन को लोहे की चादर से पाटिशन कर छिपाया गया था।
संदेह होने पर पुलिस ने गैस कटर की सहायता से पाटिशन को काटकर जांच की, जहां से अलग-अलग साइज की बोतलों में भरी कुल 1809 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। दोनों साइज की एक-एक बोतल को नमूने के रूप में सील किया गया।
वाहन स्वामी की हुई पहचान
ई-चालान ऐप से वाहन की जांच करने पर कंटेनर के स्वामी का नाम पंकज बघेल, पुत्र विनोद बघेल, निवासी न्यू कॉलोनी एन-2, बिरला नगर, ग्रीड ग्वालियर (मध्य प्रदेश) पाया गया। वाहन का अस्थायी पंजीकरण राजस्थान का दर्ज है।
पुलिस ने कंटेनर को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज कर दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
शराब माफिया को सख्त संदेश
इस बड़ी कार्रवाई से जिले में अवैध शराब तस्करी में लिप्त माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब माफियाओं और तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ