शहर में सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल स्वयं सड़कों पर उतरे। शनिवार को उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और अतिक्रमण पर कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने ट्रैफिक फ्लो, पार्किंग व्यवस्था, वन-वे, यू-टर्न और डायवर्जन की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यातायात में बाधा डालने वाले अतिक्रमण और नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के प्रमुख बिंदु
- कैंटोन्मेंट क्षेत्र में चेकिंग को और प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाकर सघन जांच के निर्देश दिए गए।
- मंडुवाडीह चौराहा पर वन-वे और डायवर्जन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण तत्काल हटाने और नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए गए।
- बीएलडब्लू गेट और कैंट रेलवे स्टेशन के सामने यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण पर कड़ी आपत्ति जताई गई और प्राथमिकता के आधार पर हटवाने के निर्देश दिए गए।
- भिखारीपुर तिराहा, नरिया तिराहा, मालवीय गेट, रविदास चौराहा, रथयात्रा, सिगरा चौराहा और अंध्रापुल सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भ्रमण कर संभावित जाम बिंदुओं की पहचान की गई।
- आवश्यकता अनुसार डायवर्जन सुधार, बैरिकेडिंग के पुनर्स्थापन और पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बिना नंबर प्लेट वाहनों पर सख्ती
पुलिस आयुक्त ने बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहनों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और अनुशासित बन सके।
इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित यातायात पुलिस और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि शहरवासियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले किसी भी तत्व के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ