लखनऊ/उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश के ग्रामीण युवाओं को आधुनिक शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी का अवसर देने के लिए योगी सरकार ने एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश की 11,350 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं, जिससे अब गांवों के छात्र-छात्राओं को सिविल सर्विसेज सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
प्रति डिजिटल लाइब्रेरी 4 लाख रुपये का बजट
सरकार द्वारा प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी के लिए 4 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिसमें—
2 लाख रुपये पुस्तकों की व्यवस्था के लिए
1.30 लाख रुपये आईटी उपकरणों के लिए
70 हजार रुपये आधुनिक फर्नीचर के लिए शामिल हैं।
डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर, ऑडियो कंटेंट, क्विज के साथ-साथ लगभग 20 हजार डिजिटल शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल ग्रामीण युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में होगा विस्तार
पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों की ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से डिजिटल लाइब्रेरी खोली जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर बेहतर होगा और युवा रोजगार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अधिक सक्षम बनेंगे।
डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन एवं प्रबंधन ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव द्वारा किया जाएगा, जबकि सहायक अधिकारी इसकी नियमित निगरानी और देखरेख की जिम्मेदारी निभाएंगे।
35 जिलों में पुस्तकों का चयन पूरा
योगी सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेश के 35 जिलों में पुस्तकों का चयन पूरा कर लिया गया है। राजधानी लखनऊ सहित इन जिलों की ग्राम पंचायतों में जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी शुरू की जाएंगी। यह पहल ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में ग्रामीण प्रतिभाओं को डिजिटल रूप से मजबूत करने का ठोस प्रयास है।
इन 35 जिलों में हुआ पुस्तकों का चयन
अमरोहा, आजमगढ़, बांदा, बलिया, बागपत, बदायूं, बरेली, बिजनौर, चित्रकूट, एटा, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, गाजीपुर, हरदोई, हापुड़, जालौन, कानपुर देहात, कन्नौज, कौशाम्बी, कासगंज, लखनऊ, मऊ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, सम्भल, शामली, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर एवं सीतापुर।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ