क्रेन की चपेट में आने से 8 वर्षीय बालक की मौत, चालक फरार
आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा, भारी पुलिस बल तैनात
वाराणसी।
सुंदरपुर सब्जी मंडी के पास बुधवार सुबह लगभग 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी द्वारा नाले की खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान भिखारीपुर की ओर से आ रही एक बड़ी क्रेन की चपेट में बालक आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद क्रेन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने क्रेन में तोड़फोड़ कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही भेलूपुर एसीपी के नेतृत्व में चितईपुर और लंका थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना की जानकारी मिलते ही कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक बालक के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया तथा क्रेन मालिक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई कराने की बात कही।
हालांकि, स्थानीय लोगों ने मुआवजे की घोषणा को ठुकराते हुए क्षेत्र में अव्यवस्थित यातायात, खतरनाक यू-टर्न और बिना सुरक्षा मानकों के चल रहे निर्माण कार्य को हादसे का मुख्य कारण बताया। लोगों ने घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहने की बात कही।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार क्रेन चालक की तलाश की जा रही है।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ