वाराणसी। पिंडरा तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने राजस्व व पुलिस अधिकारियों को जमीनी विवादों के मामलों में पूरी सतर्कता और निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरियादियों को बार-बार तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए और हर शिकायत का निस्तारण समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से होना चाहिए।
कार्यक्रम में कुल 117 प्रार्थनापत्र आए, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
चकरोड पर खड़ंजा कार्य रुका, दबंगई से मारपीट
ग्राम पंचायत क्षेत्र में चकरोड पर खड़ंजा बिछाने के दौरान कुछ दबंगों के विरोध से मारपीट की घटना सामने आई। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि इंस्पेक्टर फूलपुर की मौजूदगी में भी मारपीट हुई, जिस पर मुकदमा दर्ज है। ग्रामीणों ने खड़ंजा निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग उठाई।
इस पर जिलाधिकारी ने इंस्पेक्टर फूलपुर व राजस्व निरीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सह-खातेदार पर रास्ता रोक निर्माण कराने का आरोप
एक अन्य प्रकरण में लखंसीपुर निवासी किशन चौहान ने आरोप लगाया कि उनके कृषि भूमि पर बने खड़ंजा रास्ते को सह-खातेदार द्वारा अवरुद्ध किया जा रहा है और पूरी आराजी पर निर्माण कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को मौके पर जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सीडीओ प्रखर सिंह, डीसीपी आकाश पटेल, एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, एसीपी प्रतीक कुमार, प्रभारी तहसीलदार कुलवंत सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ