वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। लगातार बढ़ रहीं वारदातों से लोग दहशत में हैं, लेकिन पुलिस का रवैया उन्हें और अधिक निराश कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आते हैं और पुलिस की गश्त न होने की वजह से बिना रोक-टोक वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
बेलारी गांव में दो महीने के भीतर सिंह परिवार के घर दूसरी बार चोरी होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पीड़ितों ने बताया कि सूचना देने के बाद भी पुलिस सिर्फ खानापूर्ति कर लौट जाती है—न कोई सर्च ऑपरेशन, न जांच की रफ्तार तेज होती है।
ग्रामीण तड़प कर कहते हैं, “हम रातभर जागकर घर बचाते हैं, लेकिन पुलिस की पेट्रोलिंग जीरो है। चौराहों से लेकर गलियों तक कहीं भी पुलिस दिखाई नहीं देती।”
लोगों का आरोप है कि थाना क्षेत्र में रात की गश्त पूरी तरह ठप हो चुकी है। यही कारण है कि दोपहिया, चारपहिया और ट्रैक्टर चोरी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कई लोग तो अब अपने वाहनों को घर के अंदर बंद करके रखने पर मजबूर हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि—
रात में पुलिस गश्त को तत्काल बढ़ाया जाए,
संदिग्ध लोगों की कड़ी चेकिंग की जाए,
चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने अब भी सख्ती नहीं दिखाई, तो स्थिति और भयावह हो सकती है।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ