बारात में नाचने को लेकर मारपीट: “0009 गैंग” बताकर उत्पात करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी। बड़ागाँव थाना क्षेत्र में बारात के दौरान नृत्य को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य वांछित आरोपी राजन पटेल उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, सोमवार को मुखबिर की सूचना पर उसे ग्राम गांगकला स्थित भट्टे के पास से दबोचा गया।

घटना 30 नवंबर की है। वादी पंकज कुमार वर्मा ने थाना बड़ागाँव में तहरीर दी थी कि ग्राम डिघिया हथिवार से आई बारात के द्वारचार के दौरान बारात पक्ष के युवक नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान राजन पटेल उर्फ छोटू, आर्यन, करन सोनकर सहित लगभग सात अन्य युवक, जो स्वयं को “0009 गैंग” का सदस्य बता रहे थे, लाठी–डण्डा, रॉड और धारदार हथियारों से लैस होकर पहुँच गए और नृत्य कर रहे युवकों की पिटाई शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने वादी के भाई विकास वर्मा पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। विकास को बचाने पहुँचे आशु पटेल, बाबूलाल और अमित को भी लाठी–डण्डों से पीटकर घायल कर दिया गया। हंगामा बढ़ने पर लोग जुटे तो आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 0502/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज किया था। अब मुख्य आरोपी राजन पटेल उर्फ छोटू की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ जारी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस अभियान चला रही है।

About The Author

Share the News