बीएचयू कैंपस में बवाल: छात्रों और सुरक्षाकर्मियों में भीषण पत्थरबाजी, 100 से अधिक घायल

वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) कैंपस सोमवार देर रात रणक्षेत्र में तब्‍दील हो गया, जब छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। तनाव की शुरुआत मामूली झड़प से हुई थी, जो बढ़ते-बढ़ते दो घंटे तक चले टकराव में बदल गई। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात करना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, राजाराम हॉस्‍टल के पास देर रात एक गाड़ी की टक्‍कर को लेकर विवाद शुरू हुआ। नाराज छात्र प्रॉक्टर ऑफिस पहुंचे, जहां उनकी बहस स्टाफ से भिड़ंत में बदल गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान हुई झड़प के बाद छात्रों ने उग्र रूप धारण कर लिया और कैंपस के कई हिस्सों में तोड़फोड़ करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी।

इसी बीच सुरक्षाकर्मियों द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का आरोप भी छात्रों ने लगाया, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। लाठीचार्ज की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल से निकलकर सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच करीब दो घंटे तक जमकर पथराव हुआ।

घटना में सुरक्षाकर्मियों और छात्रों समेत 100 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद छात्रों को हॉस्टल की ओर खदेड़ कर स्थिति को नियंत्रित किया। देर रात तक कैंपस में तनाव बना रहा और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

कैंपस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद छात्रों में आक्रोश और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कैंपस में सतर्क है।

About The Author

Share the News