वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बेटियाँ महीनों से लापता, परिवारों ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर लगाई न्याय की गुहार

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में दो 15 वर्षीय नाबालिग किशोरियाँ पिछले कई महीनों से लापता हैं, लेकिन पुलिस की सुस्त कार्यवाही को लेकर परिजन अब बुरी तरह आक्रोशित हैं। थाने में तहरीर देने के बावजूद कोई ठोस कदम न उठाए जाने से परेशान दोनों परिवार युवा फाउंडेशन की अध्यक्ष सीमा चौधरी के साथ गुरुवार को पुलिस कमिश्नरेट पहुँचे और पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान परिजन रो-रोकर अपनी व्यथा बताते रहे और पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।


पहला मामला – सुद्धिपुर की किशोरी 23 अक्टूबर से गायब, पड़ोसी युवक पर आरोप

सुद्धिपुर निवासी 15 वर्षीय किशोरी 23 अक्टूबर 2025 की दोपहर घर से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। परिवार का आरोप है कि पड़ोसी युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया और साथ ही घर से 20 हजार रुपये, सोने की अंगूठी व पायल भी लेकर भागा। विरोध करने पर आरोपी पक्ष ने परिजनों को जातिसूचक गालियाँ दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।

तुरंत थाने में तहरीर देने के बावजूद एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन न किशोरी का सुराग लगा और न ही आरोपी पर कोई कार्रवाई हुई।


दूसरा मामला – उंदी गांव की नाबालिग तीन महीने से लापता, आरोपी को संरक्षण देने का आरोप

उंदी गांव की 15 वर्षीय किशोरी भी तीन महीने पहले गाँव के ही एक युवक द्वारा बहलाकर भगा ली गई। परिजनों का कहना है कि आरोपी को गाँव के कुछ लोगों का संरक्षण मिल रहा है। पिता जब आरोपी के घर पहुँचे तो उन्हें भी धमकाया गया। केस दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक न किशोरी को बरामद किया और न ही आरोपी को गिरफ्तार।


परिजनों का आरोप – “पुलिस सिर्फ़ आश्वासन देती है, कोई ठोस एक्शन नहीं”

दोनों परिवारों ने बताया कि वे महीनों से थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ़ आश्वासन और तारीख पर तारीख मिल रही है। अब तक न सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ और न ही आरोपियों पर दबाव बनाया गया।

परिजनों ने चेतावनी दी है कि
“अगर जल्द हमारी बेटियाँ सुरक्षित वापस नहीं मिलीं, तो हम महिला आयोग, उच्च अधिकारियों और न्यायालय का रुख करेंगे।”


कड़ी कार्रवाई की मांग

परिजनों ने पुलिस कमिश्नर से दोनों नाबालिगों की तत्काल सुरक्षित बरामदगी, आरोपियों की गिरफ्तारी, तथा शिवपुर पुलिस की लापरवाही की जांच की मांग की।

कई महीनों से दो नाबालिग लड़कियों का लापता होना और कार्रवाई न होना शिवपुर थाने की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

About The Author

Share the News