वाराणसी।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को पंचकोशी मार्ग स्थित सारंग तालाब के आसपास के क्षेत्रों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, उनकी वापसी और डिजिटाइजेशन की प्रगति की विस्तृत जानकारी क्षेत्र के सुपरवाइजर और बीएलओ से प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि उन्हें गणना प्रपत्र समय पर मिले हों और उन्होंने उन्हें भरकर जमा किया हो। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित हो रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं। सभी मतदाताओं से आग्रह किया गया कि वे अपने प्रपत्र भरकर समय रहते जमा कर दें।
गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 04 दिसंबर निर्धारित है।
जिलाधिकारी ने संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि फॉर्म भरने, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की पूरी प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरती जाए। साथ ही मतदाता सूचियों के सूची मिलान कार्य को भी पूरी सटीकता से करने को कहा।
अंत में जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त ने आमजन से अपील की कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए अपने गणना प्रपत्र जल्द से जल्द जमा करें।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ