वाराणसी। संविधान दिवस पर बुधवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने पुलिस कार्यालय में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना और मौलिक कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत “हम, भारत के लोग…” के सामूहिक उच्चारण से हुई, जिसके माध्यम से संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल उद्देश्य दोहराए गए।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि भारतीय संविधान केवल किसी देश का विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा, नागरिकों के अधिकारों का संरक्षक और भारत को एक सार्वभौमिक, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित करने वाला मार्गदर्शक है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 26 नवम्बर 1949 को संविधान का अंगीकरण और 26 जनवरी 1950 को इसके लागू होने के साथ ही भारत पूर्ण गणराज्य बना। इस दौरान उन्होंने एकता, अखण्डता और संप्रभुता की रक्षा के संकल्प के साथ सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर सरकारी सेवकों का सर्वोच्च दायित्व है कि वे संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए इसके प्रावधानों का पालन करें तथा राष्ट्रहित में अपने मौलिक कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ