वाराणसी। थाना मिर्जामुराद पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने और विवाह करने के आरोप में वांछित युवक नसीम को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर अपना नाम बदलकर पीड़िता से नजदीकी बढ़ाई थी। उसके खिलाफ धारा 87/64(2)/82(2)/115(2)/138 बीएनएस तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध (संशोधित अधिनियम 2024) की धारा 3/5(1) में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त नसीम पुत्र यासीन, निवासी पंडीत पुरवा (थाना खैराबाद, जनपद सीतापुर) को रखौना के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वर्तमान में वह मेहदीगंज इलाके में रहता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में नसीम ने स्वीकार किया कि वह इंस्टाग्राम पर “अजय” नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर पीड़िता से संपर्क में आया। वह पेशे से ट्रक चालक है और सोशल मीडिया के माध्यम से ही दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जिसके बाद निकटता बढ़ती गई।
नसीम ने पुलिस को बताया कि वह मुस्लिम धर्म का है, लेकिन पीड़िता का विश्वास जीतने और विवाह करने की नीयत से उसने अपनी वास्तविक पहचान छिपाई। “अजय” नाम का उपयोग कर वह स्वयं को हिन्दू समुदाय का बताता था। आरोपी ने यह भी माना कि उसके पास “अजय” नाम से कोई वैध पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं है।
उसने बताया कि दोनों ने विवाह किया था और उसकी मंशा थी कि शादी के बाद लड़की उसके धर्म को अपना ले। मंगलवार को वह पीड़िता से मिलने आया था, इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ