अयोध्या में ऐतिहासिक ध्वजारोहण आज: पीएम मोदी का रोड शो 8 जोनों में, शंखनाद से होगा स्वागत

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या आज एक बार फिर इतिहास रचने जा रही है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भव्य भगवा ध्वजारोहण किया जाएगा। इस दिव्य पर्व को लेकर पूरे शहर में दीपोत्सव जैसा उत्सव माहौल है। एयरपोर्ट से साकेत महाविद्यालय होते हुए श्रीराम जन्मभूमि तक होने वाले पीएम मोदी के विशाल रोड शो के लिए प्रशासन ने अभूतपूर्व तैयारियां की हैं।


8 जोनों में बसेगा स्वागत का महासंगम

पीएम के स्वागत मार्ग को 8 विशेष जोनों में बांटा गया है। यहां विभिन्न स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं और समुदायों की हजारों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में थाली, आरती, माला और नमस्कार मुद्रा के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगी।

प्रत्येक जोन में महिलाओं की तैनाती:

जोन-1: 150 महिलाएं

जोन-2: 200 महिलाएं

जोन-3: निषाद समाज की 300 महिलाएं

जोन-4: 1200 महिलाओं का सबसे बड़ा समूह

जोन-5: 300 महिलाएं

जोन-6: 1000 महिलाएं

जोन-7: 300 महिलाएं

जोन-8: 1500 महिलाओं की टोली

रंग-बिरंगे तोरण द्वार, फूलों की सजावट और रोशनी से पूरा मार्ग भव्य उत्सव स्थल की तरह जगमगा रहा है। हर जोन की निगरानी डीएम कार्यालय की अलग-अलग शाखाओं के अधिकारियों को सौपी गई है।


15 किमी का सुरक्षा घेरा, SPG से पैरामिलिट्री तक तैनात

पीएम और सीएम योगी का स्कॉर्ट रविवार को ही अयोध्या पहुंच गया था। सुरक्षा के लिए SPG, ATS, STF, SWAT कमांडो और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात हैं। लगभग 15 किलोमीटर क्षेत्र को हाई-सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है। हर संवेदनशील बिंदु पर सुरक्षा कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।


शंखनाद, वैदिक मंत्र और घंटों की गूंज में होगा स्वागत

प्रधानमंत्री के स्वागत में मार्ग पर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और घंटों की पवित्र गूंज वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग देगी। भाजपा पदाधिकारियों ने प्रमुख मंदिरों के महंतों, साधु-संतों और व्यापारियों को भी समारोह में आमंत्रित किया है।

साकेत गेट पर संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों द्वारा स्वस्तिवाचन विशेष आकर्षण रहेगा।


हर चौराहे पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

संस्कृति विभाग ने देशभर की लोककलाओं को प्रदर्शित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। विभिन्न चौराहों पर कलाकार प्रस्तुत करेंगे—

मथुरा का मयूर नृत्य

झांसी का राई नृत्य

फरवाही नृत्य

बधावा नृत्य

लखनऊ का अवधी लोकनृत्य

सोनभद्र का करमा नृत्य

प्रयागराज का देढ़िया नृत्य

इन प्रस्तुतियों से पूरा मार्ग सांस्कृतिक एकता और लोक परंपराओं की छटा से जगमगा उठेगा।


50 से अधिक LED स्क्रीन पर होगा लाइव प्रसारण

ध्वजारोहण समारोह का लाइव प्रसारण 50 से ज्यादा LED वॉल और मोबाइल LED वैन के माध्यम से अयोध्या नगर, तहसीलों और ब्लॉकों में दिखाया जाएगा।
जिला सूचना अधिकारी संतोष द्विवेदी के अनुसार, तकनीकी व्यवस्था के माध्यम से पूरे प्रदेश में लोग इस ऐतिहासिक क्षण को एक साथ देख सकेंगे।


अयोध्या बनेगी विश्व पटल पर आध्यात्मिक केंद्र

देवदीप सजावट, भव्य लाइटिंग, फूलों की आभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अयोध्या आज विश्व मंच पर एक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में चमकने को तैयार है। राम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज का आरोहण भारतीय संस्कृति और हिंदू आस्था के गौरव का नया अध्याय लिखेगा।

About The Author

Share the News